जालंधर में अवैध और अधूरी कॉलोनियों को लेकर नगर निगम अब सख्त मोड में आ गया है। मेयर वनीत धीर के निर्देशों के बाद शहर के करीब 120 ऐसे कालोनाइजरों की पहचान की गई है, जिन्होंने कॉलोनियां पास करवाने के नाम पर शुरुआती रकम तो जमा करवाई, लेकिन पिछले 13 सालों में बाकी बकाया राशि जमा नहीं करवाई।
सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम ने इन सभी कालोनियों की विस्तृत सूची तैयार कर ली है और अब संबंधित कालोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से नियमों की अनदेखी और सरकारी बकाया न जमा करने वालों पर अब किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
मेयर वनीत धीर ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सरकारी राजस्व का नुकसान रोका जा सके। नगर निगम अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई में पूरी पारदर्शिता और तेजी लाई जाए।
