रियल स्टोरी 24: राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर सदन को लोकतांत्रिक तरीके से न चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में सवालों का जवाब देने की हिम्मत नहीं है। राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान उन्होंने दावा किया कि पीएम ने विपक्ष के किसी भी मुद्दे पर जवाब नहीं दिया और सिर्फ पुरानी बातें दोहराईं।
खरगे ने कहा कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की किताब का जिक्र राहुल गांधी ने किया था, लेकिन सरकार ने सच्चाई सुनने और जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्टू को लेकर उठे विवाद को सिखों के अपमान से जोड़ने के आरोप खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस सिख समुदाय का सम्मान करती है और पार्टी ने डॉ. मनमोहन सिंह को देश का प्रधानमंत्री बनाया।
पंडित नेहरू की आलोचना पर पलटवार करते हुए खरगे ने कहा कि नेहरू ने सार्वजनिक उपक्रमों की नींव रखी, जबकि मौजूदा सरकार उन्हें खत्म कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के पास न विजन है, न विचारधारा और उनकी भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वहीं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के इंटेलिजेंस इनपुट वाले बयान को भी खरगे ने हास्यास्पद बताया।
